देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि केदारनाथ में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने के अभियान की वे खुद निगरानी कर रहे हैं। सभी अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य के लिए आपदा प्रभावित क्षेत्र में लगाया गया है। सभी लोगों को जल्द सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी रविवार सुबह 11 बजे नैनीताल जिले के विश्व प्रसिद्ध घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर में गोलू देवता के दर्शन को पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पुजारी रमेश जोशी और गौरव जोशी ने विधि-विधान से पूजा पाठ कराया। सीएम ने देश और प्रदेश की सुख-शांति के लिए गोल्ज्यू से प्रार्थना की। इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में पौधा भी रोपित किया। सीएम धामी ने कहा कि केदारनाथ से 17 हजार लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। निर्माण कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं।

इस मौके पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, पूर्व राष्ट्रीय सदस्य घनश्याम श्यामपुरिया, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, शिवांशु जोशी, मंडल अध्यक्ष पंकज अद्वेती, प्रकाश आर्या, डीएम वंदना सिंह, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा आदि मौजूद रहे।
विधानसभा सत्र में जनहित पर बात होगी
विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सत्र अपने समय तक चलेगा और इसमें जनता के मुद्दों पर बात होगी। सत्र को खाली खींचने के लिए नहीं चलाया जाएगा, बल्कि जनता के हित की बातों पर चर्चा होगी।