चारधाम यात्रा के लिए पहले दिन 1.24 लाख ऑनलाइन पंजीकरण, सबसे ज्यादा केदारनाथ के लिए रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा अपडेट: उत्तराखंड में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए पहले दिन 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। हालांकि यह आंकड़ा पिछले साल पहले दिन हुए पंजीकरण के मुकाबले करीब 67 प्रतिशत कम है। पहले दिन सबसे ज्यादा 42 हजार से अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं।

चारधाम यात्रा इस वर्ष अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल से शुरू होगी। शुक्रवार से आधिकारिक वेबसाइट www.registrationandtouristcare.uk.gov.in⁠� और मोबाइल ऐप Tourist Care Uttarakhand पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं।

पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 17 अप्रैल से ऋषिकेश, हरिद्वार और विकासनगर में ऑफलाइन पंजीकरण भी शुरू किए जाएंगे। इन स्थानों पर 50 काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां 24 घंटे पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण आधार कार्ड के माध्यम से किया जाएगा। जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड नहीं होगा, वे ऑफलाइन काउंटर पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। वहीं विदेशी श्रद्धालु अपनी ई-मेल आईडी के माध्यम से भी पंजीकरण करा पाएंगे।

सतपाल महाराज ने कहा कि पिछले वर्ष बेहतर प्रबंधन के चलते 56.31 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या इससे भी अधिक रहने की उम्मीद है, जिसके लिए धामों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इस दिन खुलेंगे कपाट

यमुनोत्री – 19 अप्रैल

गंगोत्री – 19 अप्रैल

केदारनाथ – 22 अप्रैल

बदरीनाथ – 23 अप्रैल

यात्रा के लिए एसओपी होगी जारी

चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सरकार जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगी। इसके तहत यात्रा में शामिल हर वाहन के ट्रिप कार्ड में यात्रियों और चालक का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही टूर ऑपरेटर या वाहन मालिक का नाम, मोबाइल नंबर और लाइसेंस नंबर भी अनिवार्य रूप से दर्ज होगा।

चारधाम यात्रा के दौरान इस बार करीब 1800 बसों का संचालन किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *