हरिद्वार में अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले– घुसपैठियों को देश से बाहर करेंगे

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।

गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, उन्हें देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को भारत से बाहर निकालने का काम जारी रहेगा। केदारनाथ से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी जितना विरोध करना चाहते हैं, करें, लेकिन उन्हें हर चीज में नकारात्मकता ही दिखाई देती है। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, जबकि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।

उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। यह कानून जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने में भी मदद करेगा। इसके लिए एक हाईपावर कमेटी बनाने का भी निर्णय लिया गया है, जो जल्द काम शुरू करेगी।

कांग्रेस से हिसाब मांगने की अपील

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस से विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को लगभग 1.87 लाख करोड़ रुपये का निवेश दिया है। इसके अलावा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के विकास, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और 30 राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण पर करीब 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 2009 से 2014 तक राज्य का औसत बजट 187 करोड़ रुपये था, जबकि भाजपा सरकार के नौ वर्षों में इसे बढ़ाकर 4,770 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है। प्रति व्यक्ति आय भी 2014 में 1.25 लाख रुपये से बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है और राज्य की जीएसडीपी 3.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

तीसरी बार मौका देने की अपील

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में बिखर चुकी है और संसद में केवल हंगामा करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने राज्य के विकास के लिए लगातार काम किया है। 2027 में जनता भाजपा को तीसरी बार मौका दे, ताकि देवभूमि उत्तराखंड को देश में नंबर एक राज्य बनाया जा सके।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

देवभूमि उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और राज्य की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक के रूप में पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया।

ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन

हरिद्वार पहुंचकर अमित शाह ने ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन किया। 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से पहली एफआईआर अल्मोड़ा निवासी द्वारा धोखाधड़ी के मामले में दर्ज कराई गई।

पांच लोगों को मिला नागरिकता प्रमाणपत्र

कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई सहित पांच लोगों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।

गृह मंत्री ने इस अवसर पर करीब 1100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। साथ ही नई नियुक्ति पाने वाले 2000 पुलिस कर्मियों ने उनका स्वागत किया।

कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

हरिद्वार में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए अमित शाह ने 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान वैरागी द्वीप में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें राज्य सरकार के चार साल के कार्यों की झलक दिखाई गई।

इस प्रदर्शनी में समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून, नए आपराधिक कानूनों के लागू होने और अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे फैसलों को प्रदर्शित किया गया।

अमित शाह करीब सवा चार घंटे तक हरिद्वार में रहे और इस दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक निजी होटल में बैठक भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *