झंडा जी आरोहण को लेकर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी, कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

देहरादून। 8 मार्च 2026 को झंडा जी आरोहण के अवसर पर देहरादून में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर दोपहिया और चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

जारी योजना के अनुसार बिंदाल से तिलक रोड और तालाब की ओर सभी प्रकार के चौपहिया और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। वहीं सहारनपुर चौक से दरबार साहिब की ओर भी किसी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

पीपल मंडी चौक से हनुमान चौक और सहारनपुर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा कांवली रोड स्थित गुरु राम राय स्कूल की ओर से कोई भी वाहन तालाब या दरबार साहिब की ओर नहीं जा सकेगा।

बैण्ड बाजार की ओर से दरबार साहिब जाने वाले वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इन स्थानों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित

8 मार्च को झंडा बाजार की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों का प्रवेश कई प्रमुख चौराहों और तिराहों से पूरी तरह बंद रहेगा। इनमें सहारनपुर चौक, गऊ घाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मंडी चौक, तालाब के चारों ओर और भंडारी चौक (गुरुद्वारे की ओर आने वाले सभी मार्ग) शामिल हैं। इन स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।

यातायात दबाव बढ़ने पर होगा डायवर्जन

यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो निरंजनपुर मंडी से सहारनपुर चौक और बल्लिवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं लालपुल से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को निरंजनपुर मंडी की ओर भेजा जाएगा।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने झंडा जी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें और संभव हो तो दुपहिया वाहनों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *