देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, पांच वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग, महिला की मौत

हरिद्वार। देहरादून–हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार रात करीब दस बजे मोतीचूर फ्लाईओवर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। पांच वाहनों की आपस में भिड़ंत के बाद आग लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल और झुलस गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा और रात करीब सवा बारह बजे यातायात सुचारु हो पाया।

पुलिस के अनुसार ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रायवाला क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही एक कार और एक ट्राला भी आपस में भिड़ गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक और कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहनों में भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हरिद्वार, ऋषिकेश और लालतप्पड़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। आग की लपटों में घिरे वाहनों से निकलता धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया। बस, कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्राले के बीच फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग देर रात तक राहत-बचाव कार्य में जुटे रहे।

स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे रहे और आग में जल चुकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने में पुलिस की मदद करते दिखाई दिए। हादसा इतना भयावह था कि जली हुई गाड़ियों को देखकर हर कोई हैरान रह गया।

तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया

इस दर्दनाक हादसे में कुसुम नाम की महिला की मौत हो गई, जिससे उसके तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार कुसुम के पति सचिन पहले से ही दोनों हाथों से दिव्यांग हैं और किसी प्रकार का काम करने में असमर्थ हैं।

झंडा जी मेले से लौट रहा था परिवार

ट्रैक्टर चालक लवकुश ने बताया कि परिवार के सदस्य देहरादून में श्री झंडा जी मेले में पूजा-अर्चना करने के बाद लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मोतीचूर के पास ट्रैक्टर को सड़क किनारे लगाने ही वाले थे कि पीछे से आ रही बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद दूसरी बस और फिर एक ट्रक भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया, जिससे ट्रॉली में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हरिद्वार में गंगा स्नान की थी योजना

ट्रैक्टर में सवार रोहित ने बताया कि परिवार के एक सदस्य की मन्नत पूरी होने पर सभी लोग देहरादून में श्री झंडा जी के दर्शन करने आए थे। लौटते समय उन्होंने हरिद्वार में रुककर सोमवार सुबह गंगा स्नान करने की योजना बनाई थी, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे 32 लोग

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक ही परिवार के करीब 32 लोग सवार थे, जो बिजनौर लौट रहे थे। गौरतलब है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी ढोना प्रतिबंधित है, इसके बावजूद लोग यूपी से उत्तराखंड तक ट्रॉली में सफर करते रहे। दो जिलों से गुजरने के बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर किसी विभाग की नजर न पड़ना भी सवाल खड़े कर रहा है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *