गैरसैंण में आज से बजट सत्र शुरू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पेश करेंगे बजट

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन दोपहर बाद करीब तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में राज्य का बजट प्रस्तुत करेंगे। चूंकि प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इस बजट में चुनावी प्रभाव दिखाई देने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

रविवार शाम विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बजट सत्र के एजेंडे को लेकर चर्चा की गई। बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया है। मंगलवार को फिर कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी, जिसमें आगे की कार्यवाही का कार्यक्रम तय किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के अभिभाषण के साथ होगी। इसके बाद भोजनावकाश होगा। भोजनावकाश के बाद विधानसभा अध्यक्ष राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ करेंगी और उसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में बजट प्रस्तुत करेंगे।

मंगलवार को सदन में प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी और धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने रविवार को गैरसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा मंडप और सचिवालय परिसर का निरीक्षण भी किया।

कांग्रेस का बहिष्कार जारी

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ और बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद मौजूद रहे। हालांकि कांग्रेस ने समिति की बैठक का बहिष्कार जारी रखा।

दूसरी बार गैरसैंण में पेश होगा चुनावी बजट

राज्य के इतिहास में यह दूसरी बार होगा जब गैरसैंण में चुनावी बजट पेश किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2021 में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी सरकार का अंतिम बजट गैरसैंण विधानसभा में प्रस्तुत किया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूदा सरकार का आखिरी बजट सत्र गैरसैंण में पेश करने जा रहे हैं।

भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश होने वाले बजट का आकार एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार बजट को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अगले वर्ष विधानसभा चुनाव को देखते हुए लोगों को इस बजट से काफी उम्मीदें हैं और सरकार कई बड़े ऐलान कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *