उत्तराखंड: पिछले कुछ दिनों से मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी इजाफा होने से लोगों को समय से पहले गर्मी का एहसास होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक 10 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथोरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार भी जताए गए हैं।
हालांकि तापमान के आंकड़े कुछ अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। सोमवार को का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक बढ़कर 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक बढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मार्च के शुरुआती दिनों के लिहाज से ज्यादा माना जा रहा है।
पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग नौ डिग्री अधिक बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब पांच डिग्री बढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य पर्वतीय और मैदानी इलाकों में भी तापमान का यही रुख देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना बनी हुई है।