देहरादून। अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत दून पुलिस ने गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पूछताछ के लिए इन लोगों को पुलिस दो बसों में भरकर थाने लाई।
एसएसपी के निर्देश पर चला अभियान
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर इलाके में घर-घर जाकर बाहरी जनपदों और अन्य राज्यों से आए लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की।
469 लोगों का किया गया सत्यापन
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 469 व्यक्तियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कई लोग ऐसे मिले जो अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
ऐसे 49 संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
92 मकान मालिकों पर लगा जुर्माना
सत्यापन अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 92 मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत इन पर कुल 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों के चालान किए गए और उनसे 12,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सत्यापन अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके।