हरिद्वार। जिले में अवैध खनन से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर पुलिस चौकी के प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो में कथित तौर पर अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क कराने को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत इसका संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच के बाद हुई कार्रवाई
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस कर्मियों की संभावित भूमिका के संकेत मिलने के बाद पूरी चौकी के स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी देहात को सौंपी गई जांच
इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पुलिस विभाग में गया सख्त संदेश
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।