रात में लाइन लगाने की जरूरत नहीं, तेल कंपनियों ने गैस आपूर्ति पर दी सफाई

देहरादून। देहरादून में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ती चिंता के बीच तेल कंपनियों ने लोगों से पैनिक (घबराने) से बचने की अपील की है। कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि गैस की कोई बड़ी कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को रात के समय एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ता सामान्य तरीके से गैस बुक कराएं, सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा। यदि मिस्ड कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से बुकिंग नहीं हो पा रही है, तो कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप या अन्य डिजिटल माध्यमों से बुकिंग की जा सकती है।

आपूर्ति में 20 फीसदी कमी, लेकिन स्टॉक पर्याप्त

जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम पहुंचे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सहायक प्रबंधक राकेश सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में देहरादून में रोजाना करीब 50 हजार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति होती थी, जिसमें फिलहाल लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है।

उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ता घबराकर पहले से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं, जिससे बैकलॉग बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस बुक कराएं।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई

प्रमुख सचिव (खाद्य) एल. फैनई ने सभी जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारियों को गैस एजेंसियों और गोदामों की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता की समीक्षा के लिए शुक्रवार को विधानसभा परिसर में प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी डीएम, डीएसओ और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

प्रदेश में गैस उपभोक्ताओं का आंकड़ा

प्रदेश में कुल 313 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और कुल 33,22,377 घरेलू ग्राहक हैं।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन: 21,37,849 ग्राहक

भारत पेट्रोलियम: 8,18,371 ग्राहक

हिंदुस्तान पेट्रोलियम: 3,66,157 ग्राहक

प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 74,327 गैस सिलेंडरों की मांग रहती है।

फोन व्यस्त हो तो इन माध्यमों से करें बुकिंग

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के ग्राहकों के लिए गैस बुकिंग के कई विकल्प उपलब्ध हैं:

WhatsApp बुकिंग: 7588888824

Missed Call: 8454955555

SMS/IVRS: 7718955555

डिजिटल माध्यम:

Indian Oil One ऐप

कंपनी का पोर्टल

Paytm / PhonePe (BBPS)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *