देहरादून में एलपीजी संकट पर प्रशासन सख्त, नियम तोड़ने पर गैस एजेंसी पर मुकदमा,854 गैस सिलेंडर हुए जब्त

देहरादून। देहरादून में रसोई गैस की किल्लत के बीच जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए एक गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रशासन के होम डिलीवरी संबंधी आदेशों का पालन न करने पर शिमला बाईपास रोड स्थित शहीद हीरा गैस सर्विस (नया गांव पेलियो) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 854 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए गए हैं।

प्रशासन को शिकायत मिली थी कि संबंधित गैस एजेंसी प्रशासन के आदेशों की अवहेलना कर सीधे गोदाम से गैस सिलेंडर का वितरण कर रही है। इसके कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई। कानून व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

854 सिलेंडर किए गए जब्त

उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, तहसीलदार और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम क्यूआरटी के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि एजेंसी ट्रक के माध्यम से सीधे गोदाम से सिलेंडरों का वितरण कर रही थी। प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रवर्तन दल ने हीरा गैस सर्विस के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। टीम ने मौके पर मौजूद सभी सिलेंडरों को जब्त कर जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार कुल 854 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

दो दिन में तीसरा मुकदमा

रसोई गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी और मनमानी पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। पिछले दो दिनों में यह तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले शनिवार को डोईवाला और वसंत विहार क्षेत्रों में भी इसी तरह के मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। डोईवाला में दो लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी।

अमरदीप गैस एजेंसी पर हंगामा

जीएसएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी पर रविवार को भारी तनाव की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर सीधे गोदाम पहुंच गए, लेकिन एजेंसी संचालकों ने प्रशासन के होम डिलीवरी नियमों का हवाला देते हुए गैस देने से मना कर दिया। इससे नाराज लोगों और कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख एजेंसी प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया। बसंत विहार के एसओ अशोक राठौर ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।

चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर लोग

गैस की कमी के चलते देहरादून के कई इलाकों में लोग चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो गए हैं। कुछ लोग बाजार से लकड़ी खरीद रहे हैं, तो कुछ जंगल से लकड़ियां लाकर काम चला रहे हैं। करणपुर की ओर लकड़ी लेकर जा रहे श्यामलाल ने बताया कि इन दिनों गैस आसानी से नहीं मिल पा रही, इसलिए चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। रायपुर निवासी तारक का कहना है कि उनका घर जंगल के पास है, इसलिए उन्होंने लकड़ी की व्यवस्था कर रखी है। वहीं जोगीवाला निवासी विकास अवस्थी ने बताया कि उनके घर में सिलेंडर लगे हुए करीब 20 दिन हो चुके हैं, ऐसे में फिलहाल इंडक्शन से काम चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *