चारधाम यात्रा अपडेट । उत्तराखंड में अगले माह शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही एक सप्ताह के भीतर 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्री ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए किए गए हैं।
चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी। मात्र एक सप्ताह में ही पंजीकरण का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया, जिससे इस साल भी यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
केदारनाथ धाम के लिए सबसे अधिक पंजीकरण
पर्यटन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए अब तक 1,73,157 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478, गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण
पर्यटन विभाग के अनुसार 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 50 पंजीकरण केंद्र बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
पिछले साल बना था रिकॉर्ड
पिछले वर्ष चारधाम यात्रा के लिए लगभग 70 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि चारों धामों में दर्शन करने वालों की संख्या करीब 49 लाख रही थी। इस वर्ष भी यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।