हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार राज्य में धार्मिक और पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा-शारदा कॉरिडोर परियोजना को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया है। इस परियोजना के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा नदी के किनारे भव्य रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे।
हरिद्वार दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और अब निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत ऋषिकेश और हरिद्वार में आधुनिक सुविधाओं से युक्त रिवर फ्रंट बनाए जाएंगे, जबकि टनकपुर में शारदा कॉरिडोर के तहत इसी प्रकार का विकास किया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इन रिवर फ्रंट के विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। गंगा और शारदा नदी के किनारे सौंदर्यीकरण, बेहतर आवागमन और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कुंभ-2027 की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए टाइमलाइन तय की गई है और शासन स्तर पर बेहतर समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी बाधाएं आ रही हैं, उन्हें आपसी तालमेल से दूर किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा की तैयारियां भी जोरों पर हैं और सरकार का लक्ष्य है कि आगामी कुंभ मेला भव्य और दिव्य रूप में आयोजित किया जाए। इसके लिए संत समाज और सामाजिक-धार्मिक संगठनों से लगातार संवाद किया जा रहा है।
बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट रणनीति बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाना आवश्यक है।
पश्चिम बंगाल को लेकर भी साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वहां लोकतंत्र की स्थिति चिंताजनक है और महिलाओं के उत्पीड़न तथा बेरोजगारी जैसी समस्याएं गंभीर हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में वहां राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।
संगठन की मजबूती पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत पार्टी है और कार्यकर्ता स्तर तक सक्रियता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।