मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज बृहस्पतिवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहेगा। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने मैदानी जिलों हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले एक से दो दिनों में प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन ठंड का अहसास फिर बढ़ सकता है।
देहरादून की बात करें तो बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम बूंदाबांदी दर्ज की गई। आज भी दून में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दून का अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।