नैनीताल: नैनीताल में एक बार फिर पेयजल संकट गहराने वाला है। काठगोदाम कॉलटैक्स क्षेत्र में गेट चैंबर की टूटी जालियों की मरम्मत के कारण आज फिल्टर प्लांट दिनभर बंद रहेगा, जिससे करीब दो लाख लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, गौला बैराज से नहर के माध्यम से पानी शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट तक पहुंचता है, जहां शुद्धिकरण के बाद जल संस्थान द्वारा शहर के घरों और प्रतिष्ठानों तक सप्लाई की जाती है। लेकिन कॉलटैक्स के पास नहर में लगी जालियां टूटने से प्लांट में गंदगी और कचरा पहुंच रहा था, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा था।
आठ घंटे बंद रहेगा प्लांट
जल संस्थान ने समस्या के समाधान के लिए गुरुवार सुबह से जालियों की मरम्मत का कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है। विभाग के अनुसार, इस कार्य में लगभग आठ घंटे का समय लगेगा। सुबह 9 बजे से शाम तक प्लांट पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे जलापूर्ति बाधित रहेगी।
प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर भेजे जाएंगे। विभाग ने लोगों से पानी स्टोर कर रखने की अपील की है।
बिजली-पानी बहाल होने से मिली थी राहत
गौरतलब है कि रविवार रात आए भीषण आंधी-तूफान के कारण नैनीताल में बिजली और पानी की आपूर्ति दो दिनों तक बाधित रही थी। पेड़ गिरने से बिजली लाइनें और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें ठीक करने के बाद मंगलवार देर शाम विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था भी पटरी पर आ गई थी।
जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, बिजली कटौती के दौरान जेनरेटर से आपूर्ति की कोशिश की गई थी, लेकिन ऊंचाई वाले टैंकों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। अब अधिकांश क्षेत्रों में सप्लाई सामान्य हो चुकी है, हालांकि कुछ इलाकों में कम दबाव की समस्या बनी हुई है।
इन क्षेत्रों में रहेगा अधिक असर
दमुवाढूंगा, बिठौरिया, कुसुमखेड़ा, चौफुला, बमौरी, ऊंचापुल, बाजार क्षेत्र तथा बरेली और रामपुर रोड से जुड़े इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित रहेगी।