उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम, बदरीनाथ में दो फीट बर्फ, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व तेज हवाओं का दौर जारी है। खासकर बदरीनाथ धाम में दो फीट तक बर्फ जमने से ठंड में इजाफा हो गया है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान के आसार बने हुए हैं। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, बर्फबारी और तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 25 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *