हल्द्वानी। हल्द्वानी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां बुलेट सवार दो युवकों ने सरेराह करीब 20 मिनट तक एक युवती का पीछा किया, उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे घर छोड़ने आए युवक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 मार्च की रात वह राजपुरा में अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में गई थी। रात करीब 10 बजे सहेली का भाई उसे बाइक से घर छोड़ने निकला। जैसे ही वे रोडवेज स्टेशन के पास स्टेडियम वाली गली में पहुंचे, बुलेट सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे।
आरोप है कि दोनों युवकों ने सायरन बजाते हुए लगातार पीछा किया और जेल चौराहे के पास बाइक के आगे अपनी बुलेट अड़ा दी। इसके बाद उन्होंने बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही युवती के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता भी की गई।
पीड़िता के अनुसार आरोपी यहीं नहीं रुके, बल्कि रामपुर रोड स्थित समता आश्रम गली तक उनका पीछा करते रहे। इस दौरान दोनों किसी वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। जान बचाने के लिए पीड़ित पक्ष को रास्ता बदलकर छिपना पड़ा। बाद में उन्होंने राहगीरों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। हालांकि, मामला तब सुर्खियों में आया जब घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—अजय फर्त्याल (निवासी फतेहपुर) और अजय थापा (निवासी बड़ी मुखानी, पीलीकोठी)—को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी बुलेट बाइक भी कब्जे में ले ली है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाजपुर के एक स्कूल में नौकरी करता है।

एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर इस तरह की अभद्रता और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।