चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में नंदकेशरी-चिड़िगा सड़क पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। कार के गहरी खाई में गिरने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों को शव निकालने में करीब तीन घंटे का लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, कोठी गांव निवासी 43 वर्षीय पूर्व सैनिक दर्शन सिंह देर रात अपनी कार से चिड़िगा गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदकेशरी से लगभग एक किलोमीटर पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़िगा, चेपडों और कोठी गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन कार खाई में फंसी होने के कारण शव निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शव को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सियों के सहारे खाई से ऊपर खींचा गया। करीब तीन घंटे के कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात करीब 12 बजे शव को सड़क तक लाया जा सका। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया।
मृतक के परिजनों ने थराली अस्पताल में ही पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। दर्शन सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।