पौड़ी। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) आज जनपद मुख्यालय पौड़ी पहुंचे। हैलीपैड पर पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अधिकारियों ने राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल शनिवार को पौड़ी के कृषि और औद्यानिकी विश्वविद्यालय भरसार के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। इसके पहले शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे वे पौड़ी सर्किट हाउस पहुँचे।
राज्यपाल ने अपने दौरे के दौरान बाल विकास विभाग, उद्योग विभाग और रीप परियोजना द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके बाद दोपहर में उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली।
राज्यपाल का यह दौरा जिले में शिक्षा और कृषि क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और संवर्धन के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।