बालाजी महाराज शोभायात्रा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन मार्गों पर रहेगी रोक

देहरादून। 02 अप्रैल 2026 को श्री बालाजी महाराज शोभायात्रा के आयोजन के मद्देनजर देहरादून शहर में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। शोभायात्रा दोपहर 3:30 बजे शिवाजी धर्मशाला से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः शिवाजी धर्मशाला पर समाप्त होगी।

शोभायात्रा का रूट

शिवाजी धर्मशाला – सहारनपुर चौक – झंडा बाजार – रामलीला बाजार – धामावाला – पलटन बाजार – हनुमान मंदिर – चकराता रोड – बिंदाल चौक – तिलक रोड – भंडारी चौक – सहारनपुर चौक – शिवाजी धर्मशाला, देहरादून।

डायवर्जन प्लान

शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से प्रस्थान करने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रिंस चौक रेलवे स्टेशन से आने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार रोक-रोक कर छोड़ा जाएगा।

शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पूर्व बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से कोई भी वाहन सहारनपुर चौक की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। बल्लीवाला से यातायात को कमला पैलेस की ओर तथा लक्ष्मण चौक से पार्क रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

जब शोभायात्रा सहारनपुर चौक से झंडा बाजार में प्रवेश कर जाएगी और स्थिति सामान्य होगी, तब डायवर्जन को समाप्त कर दिया जाएगा।

घंटाघर से बिंदाल की ओर जाते समय शोभायात्रा सड़क के आधे भाग का उपयोग करेगी और साथ-साथ यातायात भी संचालित रहेगा। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो राजपुर से बिंदाल जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक से चकराता रोड जाने वाले ट्रैफिक को लैंसडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा।

वापसी के दौरान सहारनपुर चौक से शिवाजी धर्मशाला पहुंचने पर प्रिंस चौक से लालपुल जाने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार गऊ घाट कट से मातावाला बाग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

आम जनता से अपील

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को नहीं रोका जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि शोभायात्रा मार्गों का प्रयोग न करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *