देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत के मामले में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त समेत दो 25-25 हजार रुपये के ईनामी आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।
क्या है पूरा मामला?
23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 55/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पहले ही 4 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा, अंकित भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
25-25 हजार का था इनाम घोषित
दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी देहरादून द्वारा उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार गैर-प्रांतों में दबिश दे रही थीं।
पश्चिम बंगाल से दबोचे गए आरोपी
सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिले के बांगमुण्डी थाना क्षेत्र स्थित आकाश रिसॉर्ट से मुख्य अभियुक्त सहित दोनों ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह
निवासी: हनुमान नगर न्यू एरिया, जिला नवादा (बिहार)
हाल निवासी: सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर, देहरादून
(मुख्य अभियुक्त)
अंकुर सिंह पुत्र पुरुषोत्तम कुमार
निवासी: महल्दीचक सोनपर, जिला गोपालपुर (बिहार)
हाल निवासी: सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर, देहरादून
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जा रहा है।
विशेष पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस अभियान में प्रेमनगर थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश देकर आरोपियों का सुराग लगाया।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि जिले में सक्रिय एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।