जनगणना से पहले मकानों की स्वगणना शुरू, 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध

देहरादून। जनगणना के पहले चरण में मकानों की गणना को लेकर प्रदेश में स्वगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया आज शुक्रवार से शुरू हो गई है। नागरिक अब जनगणना पोर्टल के माध्यम से घर बैठे 33 आसान प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी स्वगणना कर सकते हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने स्वगणना प्रक्रिया की शुरुआत की। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शाम पांच बजे स्वयं अपनी स्वगणना करेंगे।

25 अप्रैल तक ऑनलाइन भर सकेंगे विवरण

जनगणना निदेशालय के अनुसार प्रदेश में 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भवन स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह प्रक्रिया पोर्टल census portal के माध्यम से पूरी की जा रही है।

स्वगणना में नागरिकों को 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक एसई (Self Enumeration) आईडी प्राप्त होगी, जिसे जनगणना कर्मियों को घर आने पर उपलब्ध कराना होगा।

घर-घर सत्यापन करेंगे प्रगणक

जनगणना निदेशालय की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रगणक 25 अप्रैल से 24 मई तक घर-घर जाकर एकत्रित किए गए डेटा का सत्यापन करेंगे। एसई आईडी के माध्यम से प्रगणक नागरिकों द्वारा भरी गई जानकारी को अपने सिस्टम में जोड़कर अंतिम रूप से सत्यापित करेंगे।

स्वगणना में पूछे जाएंगे 33 प्रश्न

स्वगणना फॉर्म में मकान और परिवार से जुड़े विभिन्न प्रश्न शामिल हैं, जिनमें प्रमुख रूप से मकान की संरचना, सुविधाएं, संसाधन और परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी।

मुख्य प्रश्नों में मकान की दीवार, छत और फर्श की सामग्री, पेयजल स्रोत, शौचालय की उपलब्धता, बिजली कनेक्शन, इंटरनेट सुविधा, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी जानकारियां शामिल हैं।

डिजिटल जनगणना की दिशा में कदम

प्रशासन का मानना है कि यह पहल डिजिटल जनगणना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे डेटा संग्रहण अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय पर स्वगणना कर प्रक्रिया में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *