देहरादून | आज 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। उनका यह दौरा खास और ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान वह पहली बार देवभूमि में रोड शो करेंगे, जो भव्य होगा।
करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य एवं पारंपरिक संगीत के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर लोग अपनी संस्कृति के जरिए उनका अभिनंदन करेंगे।
दो घंटे देहरादून में रहेंगे मोदी
प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम का संभावित समय
सुबह करीब 10 बजे प्रधानमंत्री देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे यूपी के गणेशपुर जाएंगे। इसके बाद करीब 12 बजे मां डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे। फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 2 बजे उनके वापस लौटने का कार्यक्रम है।
भाजपा के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सीएम योगी ने परखी तैयारियां
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। वह सहारनपुर जनपद की बिहारीगढ़ तहसील के गणेशपुर गांव पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे के तहत शिवालिक की पहाड़ियों में बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे।
यह कॉरिडोर एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बताया जा रहा है, जिसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि ऊपर से वाहन गुजरते रहें और नीचे वन्य जीवों की आवाजाही बाधित न हो। इसके लिए साउंड प्रूफ शीट भी लगाई गई हैं।
सीएम धामी ने किया निरीक्षण
वहीं, पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।