उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाने लगी है और मंगलवार से प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
अन्य जिलों में भी असर
अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश के आसार हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव का असर मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में देखने को मिलेगा।
तापमान में आएगी गिरावट
बीते 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।
देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री रह गया। आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
28 अप्रैल को देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 3 मई तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।