मई में मौसम का कहर: उत्तराखंड में भारी बारिश-ओलावृष्टि, चारधाम यात्रा पर अलर्ट, हेली सेवाएं रहेंगी बंद

उत्तराखंड मौसम: मई महीने में आमतौर पर पड़ने वाली गर्मी की बजाय उत्तराखंड में इस बार मौसम का मिजाज बेहद खराब बना हुआ है। रविवार को हुई भीषण बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने कई जिलों में तबाही मचाई। देहरादून जिले के त्यूणी गांव में कई घरों की छतें उड़ गईं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत में खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है।

5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में सतर्क रहने को कहा गया है।

 चारधाम यात्रा पर असर

खराब मौसम के मद्देनजर चारधाम यात्रा को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिकूल मौसम में हेली सेवाओं का संचालन न किया जाए।

सभी जिलाधिकारियों को सड़कों पर मलबा आने की स्थिति में उसे प्राथमिकता से हटाने और यातायात बहाल रखने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

गंगा किनारे बढ़ी सतर्कता

पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए ऋषिकेश में एसडीआरएफ को अलर्ट कर दिया गया है। गंगा घाटों और तटों पर तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी जा रही है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।

प्रदेश में मौसम का बिगड़ा मिजाज फिलहाल राहत देता नजर नहीं आ रहा है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *