उत्तराखंड में फिर बिगड़ा मौसम, देहरादून समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट हुआ जारी

उत्तराखंड  मौसम|उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में तेज गर्जन, बारिश, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर के कुछ हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

अन्य जिलों के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है। विशेषकर पहाड़ी मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की हिदायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *