उपराष्ट्रपति ने जताया शोक, आज देंगे श्रद्धांजलि; दिल का दौरा पड़ने से बीसी खंडूड़ी का निधन

देहरादून। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी (मेजर जनरल, सेनि.) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान मील का पत्थर रहेगा और उनके निधन से राष्ट्र ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठ राजनेता को खो दिया है।

सूत्रों के अनुसार उपराष्ट्रपति बुधवार को बसंत विहार स्थित खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी को देहरादून प्रवास के दौरान उन्होंने खंडूड़ी से मुलाकात कर हालचाल जाना था और लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।

91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस

मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह 11:10 बजे 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उन्हें 1 अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय जांच में आंतों में रक्तस्राव की पुष्टि हुई थी और विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।

मंगलवार को उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। वे पिछले 49 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। इससे पहले भी अस्वस्थता के चलते उन्हें कई बार अस्पताल आना पड़ा था।

तीन दिन का राजकीय शोक, आज स्कूल बंद

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। शोक अवधि के दौरान शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूल व कार्यालय बंद रहेंगे। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने आदेश जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *