देहरादून। अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी जैकी उर्फ राजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
जांच में सामने आया कि आरोपी अमित बटेजा के साथी नीरज को बहाने से घर के बाहर बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद आरोपी जैकी घर के अंदर पहुंचा, जहां हुमेरा उर्फ जोया की मदद से अजय बटेजा को जानबूझकर अत्यधिक शराब पिलाई गई। जब अजय नशे की हालत में पूरी तरह कमजोर हो गया तो आरोपी ने तकिये से उसका मुंह दबा दिया। अधिक नशे में होने के कारण अजय विरोध भी नहीं कर पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में वह ऐसा नहीं कर सका। इसी दौरान उसकी नजर कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। पकड़े जाने के डर से वह कैमरे की डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया।
वारदात के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया। पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी जैकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ सहारनपुर, शामली समेत कई जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध वसूली और शस्त्र अधिनियम सहित लगभग दो दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है और उसकी करोड़ों की अवैध संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी है।
पुलिस ने मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया को भी वांछित घोषित किया है। दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।