देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर चल रही राष्ट्रीय बहस के बीच कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि नमाज मस्जिदों, ईदगाहों और निर्धारित स्थानों पर ही पढ़ी जानी चाहिए। सार्वजनिक सड़कों को बाधित कर आम लोगों को परेशानी में डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय चारधाम यात्रा के चलते लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में राज्य का वातावरण शांत, व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़कें आम जनता की आवाजाही के लिए होती हैं और उन्हें किसी भी प्रकार के अवरोध या प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक सड़कों को बंधक बनाकर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति, संस्कृति और अनुशासन से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान
इधर, देहरादून नगर निगम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। निगम की टीम ने धोरण खास क्षेत्र में खसरा संख्या 463 स्थित निगम भूमि पर लगाए गए अवैध बोर्ड, अवैध प्लाटिंग और निर्मित दीवार को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, एटीएस कॉलोनी क्षेत्र में सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण की अनुमति भी जारी की गई है, ताकि भविष्य में अवैध कब्जों को रोका जा सके।
इसके अलावा हरभजवाला क्षेत्र में निगम की भूमि पर बनाई गई अवैध सड़क को भी ध्वस्त किया गया। रायपुर तपोवन रोड क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम प्रशासन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक या निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।