उत्तराखंड में गर्मी का कहर जारी, दून में फिर 40 पार पहुंचा पारा; पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजधानी देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिन की हल्की राहत के बाद रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान फिर से सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते छह दिनों में यह तीसरी बार है जब दून का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए मैदानी इलाकों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में झुलसाने वाली गर्मी बनी रहेगी, जबकि पहाड़ी जिलों में मौसम करवट ले सकता है।

इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। इसके अलावा कई पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आकाशीय बिजली चमकने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

मैदानी इलाकों में हीटवेव का अलर्ट

एक तरफ जहां पहाड़ों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और आसपास के मैदानी इलाकों में हीटवेव की स्थिति रहने की चेतावनी दी है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

30 मई तक पहाड़ों में बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार 28 मई से 30 मई तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 30 मई को देहरादून और कुछ मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *