ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रक खेत में गिरा; चालक और महिला की मौत

ऋषिकेश: भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक और झोपड़ी में रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि ट्रक सड़क किनारे लगे दो कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। इसी दौरान डिवाइडर सड़क के किनारे बनी झोपड़ी पर जा गिरे, जिसके नीचे दबकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक की चपेट में आने से चालक ने भी दम तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि ट्रक चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।

 

मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर जनपद हरिद्वार तथा कौशल्या पत्नी सुरेश, उम्र 42 वर्ष निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है।

 

पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *