भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का आज तीसरा दिन, टपकेश्वर दर्शन से युवा संवाद तक रहेगा व्यस्त कार्यक्रम

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Nabin के उत्तराखंड प्रवास का आज तीसरा और अंतिम दिन है। शनिवार को वह सबसे पहले देहरादून स्थित Tapkeshwar Mahadev Temple में दर्शन-पूजन करेंगे। मंदिर परिसर में उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही पहुंचने लगे हैं।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 9:30 बजे बूथ समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद वह 11 बजे शिगनीवाला स्थित Shivalik College of Engineering में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

 

इससे पहले शुक्रवार को प्रवास के दूसरे दिन नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, महापौरों और जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों में उन्होंने संगठन की मजबूतियों और कमियों दोनों पर खुलकर चर्चा की और स्पष्ट संदेश दिया कि 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए अनुशासन और एकजुटता सबसे जरूरी है।

 

राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रत्येक विधानसभा और बूथ स्तर की रिपोर्ट के साथ पहुंचे थे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की बात सुनी और जहां कहीं गलत या अधूरी जानकारी दी गई, वहां तत्काल सुधार भी कराया। पार्टी नेताओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन की आंतरिक बातें सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया तक नहीं पहुंचनी चाहिए।

 

बैठक में उन्होंने विधायकों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने, जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी अनुशासन का पालन करने पर विशेष जोर दिया।

 

23 हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार वाली 23 सीटों को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी राज्यसभा और लोकसभा सांसदों की होगी। साथ ही संगठन की ओर से इन क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की तैनाती भी की जाएगी।

 

भाजपा वर्ष 2022 के चुनाव में यमुनोत्री, बदरीनाथ, प्रतापनगर, चकराता, ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण, धारचूला, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, लोहाघाट, हल्द्वानी, जसपुर, बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा विधानसभा सीटों पर हार गई थी। इन सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है।

 

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाकर तथा जनसंपर्क अभियान तेज कर 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *