उत्तराखंड में आज से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान, 11,733 बीएलओ घर-घर पहुंचेंगे

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए आज 8 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू हो गया है। इस राज्यव्यापी अभियान के तहत 11,733 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराएंगे और उन्हें भरवाकर वापस एकत्र करेंगे।

 

निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 7 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक मतदाता का सत्यापन किया जाएगा। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार तक विजिट करेंगे। अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित घर पर अगली विजिट की तिथि और मोबाइल नंबर सहित सूचना चस्पा की जाएगी।

 

‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू

 

मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर भी शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता एक क्लिक पर अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे।

 

मतदाता ECI-NET मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर जाकर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ दो दिनों के भीतर मतदाता से संपर्क करेगा।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त गणना प्रपत्रों को बीएओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।

 

14 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

 

विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद 14 जुलाई को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्तियां दर्ज कराने के लिए एक माह का समय दिया जाएगा।

 

पुरानी वोटर लिस्ट भी ऑनलाइन उपलब्ध

 

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई है। मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता या पति के नाम तथा बूथ संख्या के आधार पर पुरानी मतदाता सूची में जानकारी खोज सकते हैं।

 

अभियान की प्रमुख तिथियां

 

8 जून से 7 जुलाई: घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रह

 

14 जुलाई: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन

 

14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज

 

11 सितंबर तक: दावों और आपत्तियों का निस्तारण

 

15 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

 

 

निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि प्रदेश की मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *