राजधानी देहरादून में घरों में घुसकर परिवारों के साथ मारपीट के दो मामले सामने आए हैं. कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के माजरा और कोतवाली नगर क्षेत्र के चुखुवाला में हुई घटनाओं को लेकर पीड़ित परिवारों ने पुलिस को तहरीर दी है. माजरा में एक व्यक्ति का हाथ फ्रैक्चर, मोबाइल तोड़ने का आरोप और चुखुवाला में गर्भवती महिला से धक्का-मुक्की की शिकायत की है. पुलिस ने दोनों मामलों में कोतवाली पटेल नगर ओर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पटेल नगर थाना क्षेत्र के माजरा निवासी प्रेम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि नीतू, सोनम, वैभव, नानू और नमन उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की. शिकायत के मुताबिक मारपीट में एक सदस्य के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आईं. घर में रखे दो मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है.
प्रेम कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी दो बार रात के समय उनके घर में घुसकर मारपीट कर चुके हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. मेडिकल रिपोर्ट के साथ दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 324(2) और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया है. मामले की जांच एएसआई सर्वेश कुमार कर रहे हैं.
वहीं, कोतवाली देहरादून क्षेत्र के चुखुवाला में तन्नू ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 15 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे रिंकी, सुहानी, जिया, माही, अमन, हर्षित, विशाल, अन्नू समेत 2 से 4 अन्य लोग उनके घर में घुस आए. आरोप है कि आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की. शिकायत में कई लोगों के घायल होने और कपड़े फटने की बात भी कही गई है.
