परवादून बार एसोसिएशन की ओर से अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने नगर में पैदल मार्च आयोजित किया। पैदल मार्च के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक गतिविधियां करने पर भी जोर दिया। मंगलवार को बार प्रांगण से न्यायिक मजिस्ट्रेट विशाल वशिष्ठ की अगुवाई में अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने नगर में पैदल मार्च किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट विशाल वशिष्ठ ने कहा कि जीवनदायिनी ओजोन परत प्रभावित हो रही है। ऐसे में पर्यावरण को बचाने के लिए सामूहिक पहल जरूरी है। परवादून बार एसोसिएशन के सचिव मनोहर सिंह सैनी ने कहा कि पैदल मार्च के माध्यम से लोगों को शारिरिक गतिविधियां जैसे साइकिल चलाना, तैराकी और पैदल घूमने के लिए प्रेरित किया गया है। कार्यक्रम में मनोहर सैनी, मोहम्मद जुबैर, महताब आलम, साकिर हुसैन, राहुल बिष्ट, व्योम गोयल, अरूण, राजीव, सुमित, सौरभ पाल, भूपेन्द्र, विजय और आमिर आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।