मौसम साफ होने पर दो दिन बाद फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खोल दी गई। दो दिन से घांघरिया में रुके 299 पर्यटक घाटी पहुंचे। मौसम साफ होने पर पर्यटकों ने भी राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए वन विभाग ने फूलों की घाटी में छह से सात अगस्त को पर्यटकों की आवाजाही बंद रखी थी जिसके चलते पर्यटक घांघरिया में ही रुके रहे। शुक्रवार को मौसम सामान्य होने पर वन विभाग ने घाटी को खोल दिया।
फूलों की घाटी की वनक्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि मौसम सामान्य होने पर घाटी में पर्यटकों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को 299 पर्यटक गए जिसमें आठ विदेशी भी शामिल हैं।