
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पुरोला में आयोजित जनहितकारी योजनाओं के भूमि पूजन,शिलान्यास व लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा पुरोला एवं यमुनोत्री क्षेत्र के विकास को समर्पित ₹210 करोड़ से अधिक की 55 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पुरोला में अनेक योजनाओं के साथ ही उप जिला चिकित्सालय की आधारशिला रखकर भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित विकास एवं जनसेवा से संबंधित स्टॉलों का भी अवलोकन किया तथा योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन विकास की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव के संदर्भ में भी अत्यंत ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को हार्दिक अभिनंदन प्रेषित करते हुए कहा कि इन 11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की ओर तेज़ी से अग्रसर है। आज भारत वैश्विक मंच पर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। रक्षा, विज्ञान, इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीक और खेल सहित हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
उन्होंने भारत की बढ़ती वैश्विक साख का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत न केवल आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादक बना है, बल्कि कई देशों को रक्षा सामग्री का निर्यात कर रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा देश को समर्पित की गई ऐतिहासिक परियोजनाओं जैसे विश्व का सबसे बड़ा रेलवे ब्रिज,वंदे भारत एक्सप्रेस,दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड,ऑल वेदर रोड,नए मेडिकल कॉलेज आदि ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्हें आधुनिक भारत की मजबूत आधारशिला बताया। मुख्यमंत्री ने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और मुफ्त राशन योजना के माध्यम से 27 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालने को प्रधानमंत्री की नीतिगत सफलता बताया। उन्होंने कहा कि देश की गरीबी दर 27% से घटकर अब 5% रह गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास योजनाओं की घोषणाएं कर रही है, जो अब धरातल पर साकार हो रही हैं। ये योजनाएं न केवल क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करेंगी,बल्कि उसे नवीन ऊँचाइयों पर ले जाने में भी सहायक सिद्ध होंगी।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध सरकार की नीति पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया ,भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पारदर्शी और जवाबदेह शासन हमारी प्राथमिकता है।