देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से कथित रूप से अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज हुआ है।
सार्वजनिक मंच से अभद्र शब्दों के प्रयोग का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में प्रांचल नौनी ने बताया कि 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून में छात्रसंघ कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें गायक को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गायक ने भरे मंच से सैकड़ों छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों के सामने बार-बार अभद्र और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।
तहरीर में कहा गया है कि इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया है, जिससे व्यापक आक्रोश व्याप्त है। घटना शैक्षणिक परिसर में होने के कारण कॉलेज और शहर की छवि प्रभावित होने की बात भी कही गई है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य/गीत) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ थाना घेराव एवं शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। देहरादून समेत अन्य स्थानों पर भी इसको लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।