डीएवी कॉलेज छात्रसंघ समारोह में हंगामा, झड़प में एक छात्र को चाकू लगा

देहरादून। राजधानी के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान शनिवार को हंगामा हो गया। कार्यक्रम के दौरान डांस करते समय छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई में एक छात्र को चाकू लग गया।

सीएम धामी ने किया था समारोह का शुभारंभ

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की ऊर्जा उन्हें अपने कॉलेज के दिन याद दिलाती है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश का वर्तमान और भविष्य हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद समारोह में माहौल बिगड़ गया।

डांस के दौरान बढ़ा विवाद

कार्यक्रम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की लाइव प्रस्तुति चल रही थी। इसी दौरान डांस कर रहे कुछ छात्रों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।

हाथापाई के दौरान एक छात्र गौरव को चाकू लग गया। घायल छात्र को तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *