देहरादून: होली के बाद देहरादून नगर निगम शहर में हाउस टैक्स वसूली को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में अधिकतम राजस्व संग्रह के लक्ष्य के साथ हर वार्ड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने आठ टीमों का गठन किया है, जो बकायेदारों से सीधे संपर्क कर टैक्स जमा कराने की प्रक्रिया तेज करेंगी।
नगर निगम के अनुसार, रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद हाउस टैक्स जमा न करने वाले करदाताओं को अब अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया जाएगा। चेतावनी के 15 दिन के भीतर कर जमा न होने की स्थिति में संबंधित बकायेदार के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की कार्रवाई की जा सकती है।
जोनल कार्यालयों में लगेंगे अतिरिक्त काउंटर
नगर निगम ने वसूली प्रक्रिया को तेज करने के लिए जोनल कार्यालयों में अतिरिक्त काउंटर लगाने का भी निर्णय लिया है, ताकि करदाता आसानी से अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें और राजस्व संग्रह बढ़ाया जा सके।
व्हाट्सएप से भेजे जा रहे टैक्स बिल
करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने डिजिटल व्यवस्था भी लागू कर दी है। अब भवन कर के बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं, जिनमें ऑनलाइन भुगतान के लिए लिंक और क्यूआर कोड भी शामिल है। इससे करदाता घर बैठे ही आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
बड़े बकायेदारों की सूची तैयार
पिछले माह महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर वसूली को पारदर्शी और आसान बनाने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत नगर निगम ने बड़े बकायेदारों की सूची भी तैयार कर ली है और उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।