चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य पर खास ध्यान, तीर्थयात्रियों की होगी ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल से रियल टाइम मॉनीटरिंग

चारधाम यात्रा अपडेट। चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा के दौरान प्रत्येक तीर्थयात्री के स्वास्थ्य की ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम मॉनीटरिंग की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। यात्रा मार्गों, मुख्य पड़ावों और चारों धामों में स्थायी और अस्थायी चिकित्सा इकाइयों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

177 एंबुलेंस और हेली सेवा उपलब्ध

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्गों पर 177 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध होगी। टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस विशेष रूप से तैनात रहेगी, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से किया जाएगा।

मेडिकल टीम और स्क्रीनिंग प्वाइंट

यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, खासकर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए।

विशेषज्ञ डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती

चारधाम यात्रा के दौरान 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल ऑफिसर और 85 पैरामेडिकल स्टाफ को 15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा 100 स्वास्थ्य मित्र भी यात्रा मार्गों पर सेवाएं देंगे।

समय पर मिलेगी चिकित्सा सुविधा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में तीर्थयात्रियों को तुरंत इलाज मिल सके। सरकार का लक्ष्य इस बार यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सुदृढ़ बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *