हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, ओवरटेक के दौरान पलटी यात्री बस; एक की मौत, कई घायल

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पहाड़ की ओर जा रही एक यात्री बस खूपी के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि सात से आठ यात्री घायल बताए जा रहे हैं। एक महिला की हालत गंभीर बताई गई है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही थी। खूपी के समीप बस चालक ने एक टैक्सी को ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

यात्रियों में मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों का उपचार जारी

घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *