उधम सिंह नगर। रुद्रपुर में अवैध खनन के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अजय गणपति ने शक्तिफार्म क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरी चौकी को लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शक्तिफार्म क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में मीडिया में भी खबरें प्रकाशित हुई थीं, जिनमें खनन रोकने में पुलिस की नाकामी पर सवाल उठाए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने जांच के आदेश दिए।
जांच में सामने आई लापरवाही
जांच के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही और ड्यूटी के प्रति उदासीनता पाई गई। इसके बाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट सहित कुल आठ पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
सख्त संदेश
इस कार्रवाई के जरिए एसएसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।