होली पर मारपीट के विरोध में कीर्तिनगर बाजार बंद, व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय और कोतवाली घेरा

कीर्तिनगर: होली के दिन कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में हुई मारपीट के विरोध में आज स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय व कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

व्यापारियों का कहना है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कीर्तिनगर नैथाना के कुछ युवकों ने व्यापारियों के साथ अभद्रता की, जो कहासुनी और मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं और दो अन्य घायल हुए।

घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, नगर में सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण और होली के दिन हुई मारपीट के दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी मंजू राजपूत ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कोतवाली का भी किया घेराव

इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचे और पर्याप्त पुलिस बल न होने और अराजकता के माहौल पर नाराजगी जताई। साथ ही, सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय मिश्रा ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और एफआईआर दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *