हल्द्वानी में MBA छात्र की आत्महत्या से सनसनी, गेहूं के ड्रम में फंदे से लटका मिला शव

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां MBA की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय युवक ने घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

परिवार से विवाद के बाद बदला व्यवहार

पुलिस के अनुसार, गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी दिनेश माहरा पुत्र गंगा सिंह माहरा हल्द्वानी के एक कॉलेज में MBA द्वितीय सेमेस्टर का छात्र था। सोमवार रात उसका परिवार के एक सदस्य से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद दिनेश सामान्य तरीके से खाना खाकर अपने कमरे में चला गया, लेकिन उसके बाद उसने किसी से बात नहीं की।

सुबह खुला घटना का राज

मंगलवार सुबह जब दिनेश काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो उसकी मां कुसुम को शक हुआ। जब वह कमरे की ओर गईं, तो उन्होंने देखा कि सीढ़ी के ऊपर बने रैक पर रखे नीले रंग के ड्रम में रस्सी के फंदे से दिनेश लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन तुरंत दिनेश को सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

नस काटने की भी कोशिश की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक के एक हाथ पर कट के दो निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि दिनेश ने फांसी लगाने से पहले नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास भी किया होगा, लेकिन बाद में उसने फंदा लगा लिया।

मोबाइल फोन जब्त, हर एंगल से जांच

पुलिस को घटनास्थल से दिनेश का मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

पिता सेना में अधिकारी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दिनेश के पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है। इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में भी शोक की लहर है।

पुलिस कर रही गहन जांच

थाना मुखानी पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *