देहरादून में खंडहर में मिला 28 वर्षीय महिला का शव, ओवरडोज से मौत की आशंका, मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून के चूना भट्ठा क्षेत्र में एक पुराने खंडहर में 28 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार और एसपी देहात जया बलूनी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर कुछ चोट के निशान भी मिले हैं, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

शिवानी के रूप में हुई पहचान

पुलिस ने शव की पहचान शिवानी के रूप में की है, जो डालनवाला स्थित सूरज बस्ती की रहने वाली थी। स्थानीय निवासी भागीरथ रावत के अनुसार शिवानी ने तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि शादी से पहले ही दोनों पति-पत्नी नशे की लत के शिकार थे। महिला का एक दो वर्षीय बेटा भी है।

नशे की लत से जूझ रही थी महिला

परिजनों के अनुसार शिवानी लंबे समय से नशे की आदी थी और उसे कई बार हरिद्वार के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी आदत नहीं छूट सकी। उसका पति भी नशे की लत से जूझ रहा है और इस समय गाजियाबाद के एक नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन है। बताया गया कि शिवानी करीब 15 दिन पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से वापस आई थी और पिछले तीन दिनों से लापता थी।

परिवार का कहना है कि नशे की हालत में वह अक्सर एक-दो दिन के लिए घर से गायब हो जाती थी। महिला की छोटी बहन फिलहाल उसके बच्चे की देखभाल कर रही है, जबकि उसके पिता स्कूल का ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

महिला की मां ने चूना भट्ठा क्षेत्र में स्मैक के खुलेआम कारोबार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण उनकी बेटी की मौत हुई।

जांच जारी

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत होने की आशंका है।

हाल में सामने आए कई मामले

गौरतलब है कि देहरादून में हाल के महीनों में महिलाओं से जुड़े कई गंभीर अपराध सामने आए हैं। जनवरी और फरवरी में पांच दिनों के भीतर तीन महिलाओं की हत्या की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिनमें एक 18 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या का मामला भी शामिल था। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *