शहर में पेट्रोल-डीजल पर लिमिट, कुछ पंपों पर सप्लाई ठप; एडवांस पेमेंट पर मिल रहा ईंधन

देहरादून: शहर में प्रशासन के पर्याप्त स्टॉक के दावों के बीच जमीनी हालात कुछ अलग नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री प्रभावित रही। कुछ जगहों पर बिक्री पर सीमा तय कर दी गई, तो कुछ पंपों पर सप्लाई न होने से शटर बंद करने पड़े।

300 रुपये तक सीमित बिक्री

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को अधिकतम 300 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया गया। सीमित बिक्री के कारण वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

एचपी पंप पर सप्लाई नहीं

हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) कंपनी के सतवाल पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की बिक्री नहीं हुई। पंप कर्मियों के मुताबिक कंपनी से ईंधन की आपूर्ति नहीं पहुंची, जिसके चलते पंप बंद रखना पड़ा। पंप बंद रहने के दौरान मरम्मत कार्य भी कराया गया।

इंडियन ऑयल पंप पर सामान्य पेट्रोल खत्म

देवलचौड़ चौराहे के पास स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पेट्रोल पंप पर लगातार दूसरे दिन सामान्य पेट्रोल खत्म हो गया। यहां ग्राहकों को केवल प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री की गई।

मांग के मुकाबले 20–25% कम सप्लाई

पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने बताया कि मांग की तुलना में 20 से 25 प्रतिशत तक कम पेट्रोल और डीजल मिल रहा है। इसके अलावा अब कंपनियां एडवांस पेमेंट पर ही ईंधन उपलब्ध करा रही हैं, जबकि पहले डिलीवरी के समय या किश्तों में भुगतान की सुविधा मिल जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *