
देहरादून । पीएम मोदी ने बुधवार दोपहर 2 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा सौंप दिया। साथ ही मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की। एनडीए आज सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। मोदी 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। NDA के सभी सांसदों से एकजुटता के लिए साइन करवा लिया गया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि NDA ने 292 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया।
लोकसभा चुनाव के बाद अब सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है। सबसे बड़े दल NDA की पहली बैठक पीएम आवास पर हुई है। ऐसा कहा जा रहा है कि आज ही सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सकता है। गठबंधन के सभी दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेंगे। इस मीटिंग में जेडीयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, RLD के जयंत चौधरी, जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एलजेपी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान, अपना दल (सोनेलाल) की नेता अनुप्रिया पटेल और हम के नेता जीतनराम मांझी शामिल हैं।
7 जून को सुबह 11 बजे NDA संसदीय दल की बैठक होगी। इसमें नरेंद्र मोदी को औपचारिक तौर पर नेता चुना जाएगा। इसके बाद 8 जून को मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।