पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले देहरादून में आतंकी साजिश का खुलासा, एसटीएफ ने युवक को किया गिरफ्तार

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से पाकिस्तान में बैठे आकाओं को दून के सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था।

झाझरा निवासी विक्रांत कश्यप गिरफ्तार

एसटीएफ ने 29 वर्षीय विक्रांत कश्यप, निवासी झाझरा, प्रेमनगर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, आरोपित के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार संपर्क में था और उनके निर्देश पर संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था।

संवेदनशील स्थलों की भेजी जानकारी

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपित ने आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और सटीक लोकेशन पाकिस्तान भेजी। डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

दीवारों पर भड़काऊ पेंटिंग के निर्देश

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपित को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। उसने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने कथित हैंडलर्स को भेजी।

एसटीएफ के अनुसार, आरोपित को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच भी दिया गया था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही थी। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा घेरा और अधिक कड़ा कर दिया गया है। संवेदनशील स्थलों, कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

शहर के प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सरकारी परिसरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रेमनगर थाने में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *