देहरादून: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मसूरी रोड पर दो गाड़ियों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में चली गोली की चपेट में आकर रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सुबह 6:50 बजे मिली फायरिंग की सूचना
राजपुर थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मसूरी रोड पर हुआ विवाद, टायर पर की गई फायरिंग
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N कार में सवार लोगों के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की।
इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को दुर्घटनावश गोली लग गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
फॉर्च्यूनर पेड़ से टकराई, मारपीट भी हुई
फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर में बैठे व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूरे जिले में नाकेबंदी, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।